murtazakayyawala

ahamedabad

टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट पर अपना शिकांजा और कस लिया है. मैच के तीसरे दिन भारतीय स्पिनर्स के सामने इंग्लैड के बल्लेबाज नाचते नजर आए.

इंग्लैंड ने लंच तक अपनी पहली पारी में 110 रन के कुल योग पर सात विकेट गंवा दिए हैं. इंग्लिश टीम अब भी भारत के कुल रन संख्या से 411 रन पीछे है. विकेट कीपर बल्लेबाज मैट प्रॉयर 20 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि टिम ब्रेस्नन को अभी अपना खाता खोलना है.

इससे पहले, इंग्लैंड ने दूसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 41 रन बनाए थे. शुक्रवार के नाबाद लौटे बल्लेबाज कप्तान एलिस्टर कुक (22) और केविन पीटरसन (6) ने दिन के खेल की शुरुआत की.

पीटरसन अधिक देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और वह 17 रन के निजी योग पर स्पिनर प्रज्ञान ओझा की गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने कुक के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 39 रन जोड़े.

इयान बेल कुछ खास नहीं कर सके और वह खाता खोले बगैर ओझा की गेंद पर सचिन तेंदुलकर को कैच थमा बैठे. कुक को 41 रन के निजी योग पर रविचंद्रन अश्विन ने वीरेंद्र सहवाग के हाथों कैच कराया.

समित पटेल के रूप में इंग्लैंड का सातवां विकेट गिरा, जिन्हें 10 रन के निजी योग पर उमेश यादव की गेंद पर अम्पायर ने पगबाधा करार दिया.

दूसरे दिन के खेल में इंग्लैंड के तीन विकेट गिरे थे जिनमें निक कॉम्पटन (9), जेम्स एंडरसन (2) और जोनाथन ट्रॉट (0) के विकेट शामिल थे.

भारत की ओर से अश्विन और ओझा ने तीन-तीन जबकि यादव ने विकेट झटके हैं. उल्लेखनीय है कि भारत ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 521 रन पर घोषित की थी, जिसमें चेतेश्वर पुजारा का नाबाद 206 रन शामिल था.