Safalta Vigyan

भारत को विश्वगुरु बनाने वाली हमारी महान गौरवशाली संस्कृति की सफलता प्रदायक विचारधारा सर्वश्रेष्ठ है। मानवमात्र की भलाई के लिए इस विचारधारा को जन साधारण तक पहुचना अनिवार्य है। इसी दृष्टिकोण से दर्शन योग महाविद्यालय के द्वारा इस कल्याणकारी विचारधारा को सरल-सुबोध भाषा और नवीनतम-आधुनिक मनोरंजक शैली में प्रस्तुत करने के लिए अभिनव परियोजना 'सफलता विज्ञान' का संचालन किया जा रहा है। इस आशा के साथ कि, ज्ञान को सहज-सुलभ बना कर, उसे घर-घर पहुँचाने वाली यह हमारी पारम्परिक पद्धति, आमजन के अन्दर जीवन का उद्धार करने वाले गुणों का विकास करने में सहायक सिद्ध होगी।

अत: महाविद्यालय के निदेशक और आचार्य की प्रेरणा, मार्गदर्शन व निर्देशन में महाविद्यालय के सेवा एवं साहित्य प्रचार विभाग द्वारा पढ़ाई-नौकरी, व्यापार-साधना आदि जीवन के सभी महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में सफल बनाने वाले वास्तविक-व्यावहारिक विधि-विधानों का पथ-प्रदर्शन करने वाली इस वैचारिक परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस वृहत् परियोजना में अनेक विभाग हैं, यथा :-

1. सफलता विज्ञान पुस्तक श्रृंखला (Series) - जनसामान्य के बौद्धिक स्तर के दृष्टिगत रची गईं 'सफलता विज्ञान पुस्तक श्रृंखला की 20 से अधिक बहुरंगी आकर्षक पुस्तकों के प्रकाशन की योजना है। जिसके तहत प्रथम पुस्तक 'सफलता का संसार" प्रकाशित हो चुकी है, शेष पुस्तकें क्रमश: प्रकाशित होना बाकी हैं।

2. सफलता विज्ञान सुविचार पुस्तक (Motivational Quotation Book) श्रृंखला- नि:संदेह, हृदयंगम किए गए सुविचार ही, कामना-कर्म-कामयाबी के रूप में बदल कर स्वयं का उद्धार करा दिया करते हैं। इसी वास्तविकता के दृष्टिगत 'सफलता विज्ञान पुस्तक शृंखला" की प्रथम पुस्तक 'सफलता का संसार' आधारित, प्रथम बहुरंगी सुविचार पुस्तिका 'सफलता सुविचार' प्रकाशित हो चुकी है। श्रृंखला की शेष सुविचार पुस्तिकाएं प्रकाशित होना बाकी हैं।

3. सफलता विज्ञान चित्र प्रदर्शनी (Poster Exhibition) श्रृंखला - पुस्तक श्रृंखला के प्रेरक तथ्यों को छोटे व बड़े लगभग 2000 की संख्या में 'पोस्टर' के रूप में प्रकाशित करना प्रस्तावित है। फलत: सेवाभावी जन अपने घर व ऑफिस में इन प्रेरक छोटे और स्कूल-कॉलेज-कोचिंग आदि संस्थाओं में बड़े पोस्टर्स की प्रदर्शनी स्वयं आयोजित कर सकेंगे। प्रदर्शनी के आयोजन के फलस्वरूप, लोग सफलता के मार्ग को जानकर, न केवल स्वयं सफलता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे बल्कि अन्यों को भी बढ़ा सकने में सहयोगी बन सकेंगे। इसके अतिरिक्त, आमजन की सुविधा हेतु पोस्टर लागत व्यय पर उपलब्ध कराना भी प्रस्तावित है। वर्तमान में सफलता विज्ञान प्रदर्शनी श्रृंखला के पहले भाग के 55 पोस्टर्स का निर्माण हो चुका है।